लखनऊ के कृष्णानगर की साकेतपुरी कॉलोनी में खेलते-खेलते चार साल का मासूम लव कुमार सेप्टिक टैंक में जा गिरा। जब तक घरवालों को बच्चे के डूबने का पता चलता, तब तक देर हो चुकी थी। आननफानन बच्चे को टैंक से निकाला गया, उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल पहुंचते-पहुंचते लव की मौत हो गई।
लव के पिता नरेन्द्र कुमार तिवारी के मुताबिक, बेटा बृहस्पतिवार की दोपहर में घर के बाहर खेल रहा था। इस बीच पत्नी पूजा की आंख लग गई। अचानक उसकी नींद टूटी तो वह लव को ढूंढने लगी। पड़ोसियों से पूछा, आसपास तलाशा पर बेटा कहीं नहीं मिला।
अचानक उसकी नजर सेप्टिक टैंक में लगे लोहे के टूटे ढक्कन पर पड़ी। बेटे का शव देख बार-बार बेहोश हो जा रही पूजा के मुताबिक, टैंक में झाका तो पानी में बुलबुला उठ रहा था। उसकी चीख सुनकर लोग जुट गए और ढक्कन को काटा गया।
इस बीच सूचना पर कृष्णानगर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार पांडेय ने बताया कि करीब 20 मिनट में टीम ने लव को बाहर निकाल लिया।