लखनऊ। चौक के सुरंगी टोला निवासी ओम प्रकाश सोनी ने गोंडा के बालपुर निवासी व्यापारी राजन सोनी पर उनकी दुकान से कई बार में करोड़ों के जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है। घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। चौक पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
ओम प्रकाश की चौक सराफा बाजार में ओपी ज्वेलर्स फर्म है। उनके मुताबिक वर्तमान में सरोजनीनगर के अमौसी में रहने वाला राजन उनकी दुकान से एक साल से जेवर खरीद रहा है। 30 सितंबर को बेटी दुकान पर थी। तभी आरोपी भी खरीदारी करने आ गया। आरोपी को डिब्बों में भरे कई जेवर दिखाए गए। उसने पसंद न आने की बात कही और ध्यान भटकाते हुए जेवर चुरा लिए। इस बीच बेटी की नजर आरोपी पर पड़ी और उसे पकड़ लिया। विरोध पर आरोपी ने पुलिस से शिकायत न करने की बात कही। बेटी ने जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो पता चला कि आरोपी सितंबर में तीन बार और जेवर चोरी कर चुका है, जिनकी कीमत करोड़ों में थी। ओम प्रकाश ने बताया कि राजन ने जल्द ही सारे जेवर लौटाने की बात कही और दुकान से चला गया। आरोप है कि आरोपी ने सिर्फ कुछ ही जेवर लौटाए। विरोध पर उसने धमकाना शुरू कर दिया। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। फुटेज देखे जा रहे हैं।