गोंडा जिले के झंझरी देहात कोतवाली क्षेत्र के टेढ़ी नदी गोड़वाघाट शमशान स्थल पर सोमवार सुबह वृद्ध की ईंट से कूच-कूचकर हत्या कर दी गई। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से वृद्ध की साइकिल, खून से सने ईंट बरामद किए हैं। बड़े बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, फारेंसिक विशेषज्ञों के साथ डॉग स्क्वायड की टीम ने छानबीन की है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के वनघुसरा निवासी राम सजीवन ने बताया कि वह गोंडा मजदूरी के लिए गए थे। जबकि उनका छोटा भाई ईश्वरनाथ संतकबीरनगर में सफाई कर्मचारी है। उनके वृद्ध पिता गंगा प्रसाद (75) घर पर रहकर देखभाल कर रहे थे।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे वनघुसरा स्थित घर से करीब एक किलोमीटर दूर साइकिल से बनवरिया-बनघुसरा सरहद पर स्थित गोड़वाघाट गए थे। इसके बाद वहां शमशान घाट पर मरणासन्न स्थिति में पड़े होने की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने खून से लथपथ वृद्ध गंगा प्रसाद को मेडिकल कॉलेज ले गई। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
देहात कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से ईंट और वृद्ध की साइकिल पड़ी पाई गई है। प्रथमदृष्टया सिर और चेहरे पर ईंट से वार किए गए हैं। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। बड़े बेटे राम सजीवन की तहरीर लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है साथ ही घटनास्थल से डॉक स्वाक्यड और फारेसिंक टीम ने साक्ष्य एकत्र किया है। वहीं, अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोपों में केस दर्ज किया गया है। घटना संबंधी सुराग तलाशे जा रहे हैं।