लखनऊ। ईरान-इस्राइल युद्ध के कारण खाड़ी देशों को जाने वाले उड़ानों का संचालन पटरी पर नहीं आ रहा है। एक सप्ताह से हवाई संचालन प्रभावित है। हालांकि, खाड़ी देशों में फंसे लोगों का घर लौटने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को भी विदेशी एयरलाइन की 12 उड़ानों का आवागमन लखनऊ एयरपोर्ट पर रहा। इससे खाड़ी देशों से 930 भारतीय लखनऊ पहुंचे। वहीं, भारतीय एयरलाइन की आठ उड़ानों का संचालन निरस्त रहा।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार की सुबह 10:50 बजे फ्लाई दुबई की उड़ान (एफजेड-843) अमौसी एयरपोर्ट पर उतरी, जबकि 11:50 बजे उड़ान (एफजेड-844) यहां से दुबई के लिए रवाना हुई। इसके अलावा मस्कट से दो और जेद्दा, रियाद और दम्माम से एक-एक विमान पहुंचे। यहां से मस्कट के लिए दो और जेद्दा, अबूधाबी, दम्माम और रियाद के लिए एक-एक विमान ने उड़ान भरी।
इसके अलावा जेद्दा, मस्कट, दम्माम, रियाद और दुबई से भारतीय यात्रियों को लेकर सऊदिया एयरलाइन, सलाम एयर, फ्लाईनस एयरलाइन, ओमान एयर और फ्लाई दुबई की उड़ानें चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरीं। गोंडा, बहराइच, बलरामपुर सहित आसपास के जिलों से परिचित इन यात्रियों को लेने एयरपोर्ट आए। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही यात्री परिजनों से भावुक हो उठे। हालांकि लखनऊ से वापस रवाना होने वाली इन उड़ानों से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट रही ।
इनका हुआ संचालन
एसवी 892 जेद्दा-लखनऊ
एसवी 893 लखनऊ-जेद्दा
ओवी 705 मस्कट-लखनऊ
ओवी 706 लखनऊ-मस्कट
एक्सवाई 896 दम्माम -लखनऊ
एक्सवाई 897 लखनऊ-दम्माम
डब्ल्यूवाई 265 मस्कट-लखनऊ
डब्ल्यूवाई 266 लखनऊ-मस्कट
एक्सवाई 333 रियाद-लखनऊ
एक्सवाई 334 लखनऊ-रियाद
एफजेड 443 दुबई लखनऊ
एफजेड 444 लखनऊ-दुबई
-
ये रहीं निरस्त
6ई 1416 अबुधाबी-लखनऊ
6ई-1415 लखनऊ-अबुधाबी
6ई 1424 शारजाह-लखनऊ
6ई-1423 लखनऊ-शारजाह
आईएक्स 194 दुबई-लखनऊ
आईएक्स 193 लखनऊ-दुबई
6ई-098 दम्माम-लखनऊ
6ई-097 लखनऊ-दम्माम