बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत, चार घायल
रायबरेली। ननिहाल से घर लौट रहे तीन युवकों की बाइक इन्हौना महाराजगंज रोड पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे दोनों बाइकों पर सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को तत्काल उच्चीकृत सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों नेें एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। अन्य तीन घायलों का सीएचसी में इलाज हो रहा है।
अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के पूरे शिवरतन सिंह मजरे पिंडारा गांव निवासी नीरज यादव (27) रविवार को बाइक से अपने ननिहाल महाराजगंज कस्बे के चूनू का पुरवा गांव गया था। उसके साथ गांव का ही धीरज (18) व अजय कुमार भी थे। रविवार रात तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
कैर चौराहा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से नीरज की बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार नीरज, धीरज व अजय और दूसरी बाइक पर सवार गहिरा मजरे मोन निवासी संजय (27) व नाथगंज मजरे हलोर निवासी वीरेंद्र कुमार (26) घायल हो गए।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें चकनाचूर हो गईं। हादसे की सूचना पर पहुंची यूपी-100 की पुलिस टीम ने सभी घायलों को सीएचसी महराजगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, अजय की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का सीएचसी में ही इलाज चल रहा है। कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है।
हादसे में नीरज की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया है। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में मां रामकुमारी और दो छोटी बहनें रेनू (15) व रीना (12) हैं। परिवार के भरण पोषण का जिम्मा नीरज पर ही था। नीरज की मौत से मां व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।