मिलावटखोरों के खिलाफ दो दिवसीय अभियान शुरू
बहराइच/नानपारा। खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग द्वारा मंगलवार से दूध में मिलावट करने वालों के खिलाफ दो दिवसीय अभियान शुरू किया। इस दौरान टीम ने नानपारा व नगर बहराइच में एक साथ छापेमारी कर संदिग्ध दूध के पांच नमूने लिए।
दूध के दो टैंकरों के पास कागजात न होने पर पुलिस ने चालान कर दिया है। जिले में दूध में मिलावटखोरी की शिकायत पर डीएम अजयदीप सिंह ने खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग की टीमों को गठित कर जिले में दूधियों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं।
इसी के तहत मंगलवार को बहराइच नगर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसपीएन सिंह व डा. रामतेज ने पानी टंकी चौराहा स्थित दूधिया रामू से एक नमूना, गोंडा रोड स्थित शिवनगर से दूधिया संतोष और अमीनपुर नगरौर स्थित सिटी मिल्क डेयरी से एक संदिग्ध दूध का नमूना लिया।
इसके अलावा नानपारा में भी न्यायिक तहसीलदार हरिश्चंद्र की अगुवाई में खाद्य सुरक्षाधिकारी अनंत श्रवरूप व राघवेंद्र वर्मा, कातवाली नानपारा के एएआई विजय यादव ने नानपारा बाईपास मार्ग पर छापेमारी कर नानपारा से लखनऊ जा रहे दूध के दो टैंकरों को रोकवाकर दूध का परीक्षण किया।
दूध में संदिग्धता पाये जाने पर टीम ने दूध का नमूना लेकर सिटी मिल्क डेयरी पहुंची। यहां से भी एक दूध का नमूना भरा। विभाग के अभिहित अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि नानपारा से दो और बहराइच शहर से तीन नमूना को विभाग की टीम ने लिया है। सभी नमूनो को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।