मामूली विवाद में बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या
बल्दीराय/ विंदेश्वरीगंज (सुल्तानपुर)। पूरे सुखलाल पंड़ित गांव में रविवार की रात अलाव तापने के विवाद में विपक्षियों ने बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मां को बचाने के प्रयास में बेटा भी घायल हो गया। पुलिस ने पुत्र की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के पूरे सुखलाल पंडित मजरे हैंहना कलां निवासी राम सूरत अपनी मां जयकला (65) पत्नी रामलाल के साथ घर के बाहर अलाव ताप रहा था। अलाव के पास ही गांव के खिलोधर व शिवदास भी बैठे थे। तभी गांव के ही छोटेलाल वहां पहुंच गए। खिलोधर ने छोटेलाल का हाथ खींचकर अलाव तापने के लिए बैठने को कहा।
इस बीच छोटेलाल की शर्ट फट गई। शर्ट फटने से नाराज छोटेलाल और खिलोधर के बीच विवाद होने लगा। तभी छोटेलाल के शोर मचाने पर उसके परिवार के ही राकेश और मुकेश (पुत्रगण) रामरूप वहां पहुंच गए। तीनों ने मिलकर लाठी-डंडे से अलाव ताप रही जयकला की पिटाई शुरू कर दी। जयकला को बचाने दौड़े राम सूरत को भी तीनों ने पीट दिया।
पिटाई से जयकला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटा घायल हो गया। ग्रामीण घटना की सूचना पुलिस को देते हुए मां-बेटे को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जयकला को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।