लखनऊ। केजीएमयू ट्रॉमा सर्जरी विभाग के अध्यक्ष प्रो. संदीप तिवारी ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट जीवन रक्षा कवच हैं। पुलिस व प्रशासन की कड़ाई के बाद हेलमेट का प्रयोग बढ़ा है, लेकिन उसमें 80 फीसदी से ज्यादा लोग मानकों की अनदेखी करते हैं। आईएसआई मार्का हेलमेट के बजाय चलताऊ हेलमेट लगा रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि 28 से 30 अगस्त तक केजीएमयू में होने वाली कार्यशाला में ट्रॉमा के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसमें रोड सेफ्टी से जुड़े कई अहम पेपर पढ़े जाएंगे। इंडियन सोसाइटी ऑफ ट्रॉमा एंड एक्यूट केयर की 9वीं राष्ट्रीय संगोष्ठी अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कंवेंशन सेंटर में होगी। उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। विशेष अतिथि सुरेश खन्ना व डीजीपी ओपी सिंह होंगे। यहां देशभर के करीब 300 डॉक्टर हिस्सा लेंगे। ट्रॉमा सर्जरी विभाग के डॉ. समीर मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में हर साल देशभर में करीब 10 लाख लोग दिव्यांग हो जाते हैं। यूपी में अभी ट्रॉमा सेंटरों की कमी है। ट्रॉमा सेंटर में आने वाले 86 प्रतिशत घायलों को समय से प्राथमिक उपचार नहीं मिल पाता है।