रिजल्ट से पहले ही समाप्त हो रही द्वितीय वर्ष में प्रवेश की तारीख
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विवि में सभी वर्ष के छात्रों को 31 तक ही दाखिले का मौका
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विवि में पढ़ने वाले राजधानी के पांच हजार विद्यार्थी विवि की बदली हुई नीति की वजह से परेशान हैं। मुक्त विवि ने सभी वर्ष में प्रवेश के लिए 31 अगस्त अंतिम तारीख तय की है। जबकि अभी तक ज्यादातर पाठ्यक्रमों के परिणाम घोषित नहीं हुए हैं। छात्रों का कहना है कि बाकी जगह प्रवेश की अंतिम तारीख रिजल्ट घोषित होने के बाद ही होती है। अगर वे फेल हो गए तो उनकी फीस बर्बाद हो जाएगी।
राजर्षि टंडन मुक्त विवि राजधानी में स्थित अपने विभिन्न अध्ययन केद्रों के माध्यमों से पढ़ाई की सुविधा देता है। विवि की परीक्षा 24 जुलाई को संपन्न हुई है। इसके बाद मूल्यांकन का काम चल रहा है। अभी तक रिजल्ट नहीं आए हैं। विवि ने किसी भी वर्ष में प्रवेश के लिए 31 अगस्त अंतिम तारीख तय की है। रिजल्ट घोषित न होने की वजह से ज्यादातर विद्यार्थियों को इसकी सूचना नहीं है। कई विद्यार्थी ऐसे भी हैं जो पेपर छूटने या फिर फेल होने की आशंका में फीस जमा नहीं कर रहे हैं।
कालीचरण डिग्री कॉलेज अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. सुभाष चंद्र पांडेय ने बताया कि उनके अध्ययन केंद्र पर इस समय छह सौ से ज्यादा विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से अभी तक करीब 200 विद्यार्थियों ने द्वितीय या फिर तृतीय वर्ष की फीस जमा करके दाखिला नहीं लिया है। दाखिला न लेने पर उनका साल बर्बाद हो जाएगा। आमतौर विवि में रिजल्ट जारी होने से 15 दिन बाद तक दाखिले का मौका दिया जाता है।
विद्यार्थियों को दिया जाएगा मौका
इस साल यूजीसी ने दाखिले में सख्ती की है। इस वजह से दाखिले की अंतिम तारीख 31 अगस्त तय की गई है। नये दाखिलों पर यह नियम सख्ती से लागू है। अन्य विद्यार्थियों को हम दाखिले का मौका देंगे, मगर इसके लिए फिलहाल कोई तारीख तय नहीं की गई है।
- प्रो. केएन सिंह,
कुलपति, उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय