लखनऊ। हुसैनगंज स्थित चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज में हाईकोर्ट के निर्देश पर डीआईओएस का नोटिस चस्पा होने के बाद बृहस्पतिवार को भी शिक्षक कॉलेज पहुंचे। इस दौरान शिक्षकों ने प्रबंधक पवन वर्मा के साथ बैठक की। वहीं, चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज की 75 छात्राओं का प्रवेश दूसरे कॉलेजों में कराया गया है। इसके अलावा कॉलेज में तैनात 19 शिक्षिकाओं के समायोजन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव को प्रस्ताव भेज दिया है।
बैठक के दौरान अमर उजाला से बातचीत में प्रबंधक ने कहा कि कॉलेज को योजनाबद्ध तरीके से बंद कराने की कोशिश की गई है लेकिन कोर्ट का फैसला सराहनीय है। अदालत ने जर्जर भवन गिराने, बाद में फंड जुटाकर नया भवन बनाने और छात्राओं व शिक्षकों के दूसरे कॉलेजों में समायोजन का निर्देश दिया है। प्रक्रिया में समय लग सकता है, लेकिन कॉलेज की जमीन पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
दूसरी ओर विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुनीता ने जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार पांडेय को भेजी रिपोर्ट में बताया कि कॉलेज में कुल 96 छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें से 75 छात्राओं का दूसरे कॉलेजों में प्रवेश करा दिया गया है, जबकि शेष छात्राएं अभी संपर्क में नहीं हैं। डीआईओएस ने एसआर रजिस्टर का ब्योरा तलब करते हुए सभी छात्राओं का प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार पांडेय को निर्देश दिया था कि एक सप्ताह के भीतर कॉलेज में पढ़ाई या किसी भी शैक्षणिक गतिविधि का संचालन न होने दिया जाए। इसके बाद बुधवार को डीआईओएस की टीम कॉलेज पहुंची थी और शिक्षकों व अभिभावकों को दूसरे विद्यालयों में समायोजन की जानकारी दी थी।
कॉलेज की जमीन के भविष्य को लेकर शिक्षकों में चिंता
कॉलेज के शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को आशंका जताई कि कहीं ऐतिहासिक कॉलेज की जमीन का व्यावसायिक उपयोग न शुरू हो जाए। उन्होंने मांग की कि कॉलेज के आसपास ही कक्षाएं संचालित करने की अनुमति दी जाए। शिक्षकों का कहना था कि दूसरे कॉलेजों में छात्राओं का समायोजन स्थायी समाधान नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक उनका वेतन बिल नहीं भेजा गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार के अनुसार कोर्ट के आदेश का पालन किया जा रहा है। 75 छात्राओं का दूसरे कॉलेजों में प्रवेश कराया गया है। शिक्षकों के समायोजन के लिए निदेशक को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा के अनुसार जब तक सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों का राजकीयकरण नहीं होगा, तब तक इसी तरह कॉलेज बंद होते रहेंगे। यदि चुटकी भंडार कॉलेज का नया भवन उसी जमीन पर नहीं बना तो अन्य कॉलेज प्रबंधकों को भी ऐसा करने का अवसर मिल जाएगा।