छिटपुट घटनाओं के बीच सोमवार को सात जिलों में तीसरे चरण का मतदान शांतिपूर्वक निपट गया। कुल 73.70 फीसदी वोट पड़े हैं। सबसे अधिक 81.10 प्रतिशत मतदान लखीमपुर खीरी जिले में और सबसे कम मतदान गोंडा में 64.58 प्रतिशत हुआ है।
सीतापुर के विकास खंड खैराबाद के एक पोलिंग बूथ पर कुछ असामाजिक तत्वों ने मतपेटियां लूट ली। बाद में इसे तालाब में फेंक दिया। राज्य निर्वाचन आयोग ने यहां फिर से मतदान कराने का निर्णय किया है।
लखनऊ मंडल के छह जिलों के साथ ही गोंडा में भी तीसरे चरण का मतदान सोमवार को हुआ। यहां 1933 ग्राम पंचायतों के लिए 14729 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज हरिहरपुर मतदान केंद्र पर कुछ लोगों ने एक सिपाही पर पथराव कर दिया। घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना सीतापुर में घटी। यहां खैराबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत मंसूरपुर के पोलिंग बूथ संख्या 208 पर प्रधान पद के एक प्रत्याशी के समर्थकों ने धावा बोल दिया। लोगों ने पीठासीन अधिकारी और मतदान कर्मियों की पिटाई भी की और मतपेटियां लूट लीं। बाद में इसे तालाब में फेंक दिया। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।