स्वतंत्रता दिवस की 72 वीं वर्षगांठ पर बुधवार को उत्तर प्रदेश की जेलों में बंद 72 कैदियों को रिहा किया जाएगा। इसमें लखनऊ की जिला जेल के छह कैदी भी शामिल हैं। जिसके लिये जेल प्रशासन ने कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है। मंगलवार देर शाम रिहा होने वाले कैदियों की सूची जारी कर दी गई। इसमें ज्यादातर कैदी कोर्ट द्वारा दी गई सजा काट चुके हैं और जुर्माना न भर पाने के कारण बंद हैं।
जिला जेल के अधिकारियों ने मंगलवार को रिहा होने वाले सभी कैदियों के जुर्माने की राशि जमा कराकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली है। बुधवार की सुबह इन्हें जेल से आजाद कर दिया जाएगा। एडीजी जेल चन्द्र प्रकाश के मुताबिक ये कैदी छोटे अपराध में सजा काट रहे थे।
कैदियों ने न्यायालय द्वारा सुनाई गयी सजा की मियाद पूरी कर ली थी, जुर्माने की राशि अदा न कर पाने की वजह से सजा काट रहे थे। योगी सरकार के निर्देश पर इन कैदियों के जुर्माने की राशि जमा करा दी गई। स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह सूबे की जेलों से इन सभी कैदियों को जेल से रिहा कर दिया जाएगा।