इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शनिवार को दबंगों ने रास्ते के विवाद में एक पक्ष पर हमला कर दिया। दबंगों ने मारपीट करने के साथ तमंचों से फायरिंग भी की। इससे विपक्षी परिवार की एक किशोरी व महिला फायरिंग की चपेट में आकर जख्मी हो गई।
जख्मी किशोरी को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने वारदात की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना क्षेत्र के ग्राम सुजावलपुर निवासी सियाराम का गांव के ही इंद्रपाल से रास्ते को लेकर विवाद हो गया। तकरार बढ़ने पर इंद्रपाल पक्ष से कई अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और मारपीट करने लगे।
इसी बीच इंद्रपाल पक्ष ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। इससे सियराम की पौत्री बजरंगबली की पुत्री बोधनी (17) व बहू मनीष कुमार की पत्नी राजकुमारी उर्फ रामरती (40) फायरिंग की चपेट में आ गईं। उनके गिरते ही हमलावर पक्ष मौके से निकल भागा।
परिवार के सदस्य किशोरी व महिला को लेकर कस्बे की सीएचसी पहुंचे, यहां पर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किशोरी को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में सियाराम ने गांव के इंद्रपाल व उसके परिवार के कुलदीप, मुलायम के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि इंद्रपाल पक्ष ने करीब 5 राउंड फायर किए हैं। थानाध्यक्ष राय साहब द्विवेदी ने बताया कि वारदात की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
इस मामले में जानलेवा हमले आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना की जांच की जा रही है। दोनों पक्ष एक ही गांव के निवासी होने के कारण गांव में तनाव व्याप्त है।