फैजुल्लागंज में सात को डेंगू
निजी पैथोलॉजी की जांच रिपोर्ट में हुई पुष्टि
फैजुल्लागंज में एक बार फिर डेंगू ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। इलाके के एक ही मुहल्ले में रविवार को सात लोगों के डेंगू से ग्रसित होने का मामला सामने आया है। निजी पैथोलॉजी की जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि की भी बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई दूसरे लोग बुखार से भी ग्रसित हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसर इसकी सुध नहीं ले रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, फैजुल्लागंज के केशव नगर निवासी विजय पांडेय (42), मनोज शुक्ला (45), आशा शर्मा (25), मालती मिश्रा (56), शौर्या शर्मा (23), आर्या शर्मा (16), विनीत कुमार (2) डेंगू की चपेट में आ गए हैं। सभी का इलाज उनके घर पर ही चल रहा है। निजी पैथोलॉजी की जांच रिपोर्ट में सभी को डेंगू की पुष्टि हुई है। लोगों का आरोप है कि यहां न तो एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है और न ही फॉगिंग कराई जा रही है।
बाल महिला सेवा संगठन की महामंत्री मीना पांडेय का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की ओर से जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यहां पर बीमारी का प्रकोप तेजी से बढ़ जाएगा।
कराई जाएगी जांच
कुछ लोगों में डेंगू होने की बात सामने आई है। मामले की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी।
-डॉ. नरेंद्र अग्रवाल, सीएमओ