अनियमितताओं के मामले में यूपी को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड के सात कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
क्रय नीति के तहत दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने और खाद्य विभाग को चावल की डिलीवरी नहीं देने के मामलों में जिला प्रबंधक आरबी सिंह, गणक आरबी शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक वाराणसीएसके दुबे को निलंबित कर दिया गया है।
जबकि रिकॉर्ड अधूरा रखने, निर्देश नहीं मानने व फेडरेशन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के मामले में पीसीएफ कानपुर नगर के गणक अमित कुमार श्रीवास्तव को निलंबित किया गया है।
इसी तरह जिला प्रबंधक सुल्तानपुर हुकुम सिंह, भंडारनायक धर्मराज यादव और क्षेत्री प्रबंधक फैजाबाद जगदीश प्रसाद को भी निलंबित किया गया है।
प्रबंध निदेशक की ओर से सभी जिला प्रबंधकों और क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे क्रय नीति के तहत दिए निर्देशों का पालन करें और चावल की डिलीवरी सुनिश्चित करवाएं।