अवध में सोमवार देर रात आंधी-पानी के कहर से सात लोगों की मौत हो गई। बारिश व तेज हवा के कारण आम व सब्जी की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
गोंडा के कटरा बाजार में तेज आंधी के कारण दीवार गिरने से अब्दुल मजीद (55) की मौत हो गई। वहीं मनकापुर निवासी रामभूलन वर्मा (60) पर सोते समय पेड़ गिर गया जिसके नीचे दबकर उसकी जान चली गई। इसी इलाके में मिर्जापुर परसनपुरवा गांव निवासी जन्नतुलनिशा (40) की भी आंधी में गिरे पेड़ की चपेट में आकर मौत हो गई।
सीतापुर में तंबौर के अज्जेपुर गांव में जीने से उतरते समय वृद्धा हाशमी (60) व पास के ही गांव के जगमोहन (65) की मौत हो गई।
उधर, बाराबंकी के सफदरगंज के रायपुर में आंधी के कारण दीवार ढहने से चपेट में आकर गांव के विश्वनाथ रावत (53) की जान चली गई। जबकि पत्नी मालती व बेटा अरुण घायल हो गए। मसौली के दहेजिया में तेज हवा के बीच छत से उतरते समय सुधा यादव (65) की आंगन में गिरकर मौत हो गई।
उधर कई जिलों में देर रात आए जबर्दस्त अंधड़ ने आम की अधपकी फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। आम के बागों में सुबह-सुबह टूटकर गिरे फलों के ढेर देखे गए। पहले से ही कुदरत की मार झेल रहे किसानों के लिए आखिरी सहारा जायद की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।