उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 68वें जन्मदिन पर सोमवार को प्रदेश के 29 जेलों में बंद 68 बंदियों को रिहा कर दिया है। सरकार के निर्णय के मुताबिक उन सिद्धदोष बंदियों को ही रिहा किया गया है, जो निर्धन व असहाय होने के कारण अर्थदंड का भुगतान न करने पाने की वजह से सजा काट रहे थे।
इसी क्रम में केंद्रीय कारागार वाराणसी के दो बंदियों समेत जिला जेल लखनऊ के तीन, बाराबंकी के चार, सुल्तानपुर के दो, रायबरेली व बहराइच के एक-एक बंदियों को रिहा किया गया है।
इसके अलावा, केंद्रीय कारागार नैनी, जिला जेल कानपुर देहात, शाहजहांपुर, फतेहपुर, सोनभद्र, मेरठ, बुलंदशहर, लखीमपुर खीरी, बरेली, देवरिया व इटावा के एक-एक, गाजियाबाद, हरदोई, मथुरा, सिद्धार्थनगर व झांसी के दो-दो, अलीगढ़ व गौतमबुद्धनगर के तीन-तीन,वाराणसी व मुरादाबाद केचार-चार, गोरखपुर के छह और आगरा व कानपुर नगर के सात-सात बंदी रिहा किए गए हैं।