किछौछा को अंडरग्राउंड नाला की सौगात
अंबेडकरनगर। जलभराव की समस्या से जूझ रहे विश्व प्रसिद्ध दरगाह किछौछा क्षेत्र की लगभग 6 हजार आबादी के लिए खुशखबरी है।
नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा द्वारा 20 लाख रुपये की लागत से रसूलपुर से भिदूड़ बाईपास तक ढके नाले का निर्माण कराया जा रहा है।
नाले के निर्माण से आगामी बरसात के दिनों में लोगों को जलभराव जैसी समस्या से काफी हद तक राहत मिलना तय माना जा रहा है।
महान सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी की दरगाह की प्रसिद्धि न सिर्फ देश, बल्कि विदेशों में भी है।
यहां प्रत्येक वर्ष होने वाले पांच दिवसीय सालाना उर्स में देश विदेश से बड़ी संख्या में जायरन पहुंचते हैं।
दरगाह परिसर में सुविधाओं की जिम्मेदारी इंतजामिया कमेटी पर है, जबकि परिसर के बाहर की जिम्मेदारी नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा पर है।
यह दरगाह रसूलपुर क्षेत्र में आती है। रसूलपुर क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या जलभराव की है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या काफी अधिक बढ़ जाती है।
अक्सर लोगों के घरों में बरसात का पानी पहुंच जाता है। नगर पंचायत ने अब जलभराव की समस्या दूर करने के लिए बड़ा कदम उठाया है।
दरगाह क्षेत्र में भगेलू के घर से इनाम अशरफ के घर से होते हुए भिदूर रोड के बाईपास तक लगभग एक किमी लंबाई में कवर नाले का निर्माण नगर पंचायत निधि से कराने की मंजूरी वर्ष 2016-17 में दी गई थी।
लगभग 20 लाख रुपये की लागत से अब कवर नाले का निर्माण प्रारंभ हो गया है। उम्मीद है कि अप्रैल माह के अंत तक नाले का निर्माण पूर्ण हो जाएगा।
इससे क्षेत्र की लगभग 6 हजार की आबादी को जलभराव जैसी समस्या से राहत मिलेगी। नगर पंचायत अध्यक्ष शबाना खातून ने बताया कि नगर पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
शीघ्र ही किछौछा नगर में भी कवर नाले का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही नगर पंचायत में आने वाले तीन गांवों में भी आवागमन, पेयजल व जलनिकासी की समस्या दूर कराई जाएगी।
अधिशाषी अधिकारी राजमणि वर्मा ने बताया कि, रसूलपुर से भिदूर तक ढके नाले का निर्माण कराया जा रहा है। 20 लाख रुपये की लागत से निर्माण हो रहा है। अप्रैल माह के अंत तक निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा।