बहराइच। नगर स्थित शहीद पार्क में बहराइच नौजवान सभा की ओर से शहीदे आजम भगत सिंह की जयंती मनाई गई। इस मौके पर सभा के पदाधिकारियों ने शहर के टंकी चौराहे का नाम को परिवर्तित कर भगत सिंह चौराहा कराने की मांग की।
मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री के पुत्र शिवम जायसवाल रहे। मुख्य अतिथि ने शहीदे आजम भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे देवेंद्रपाल, अभय प्रताप सिंह, ज्ञानेंद्र शर्मा आदि ने शहीदे आजम भगत सिंह के त्याग व बलिदान पर प्रकाश डालते हुए देश की आजादी में उनके द्वारा किए गए कार्यों पर चर्चा की। कार्यक्रम के बाद सभा के पदाधिकारियों ने शासन व प्रशासन को पत्र भेजकर शहर के पानी टंकी चौराहे का नाम परिवर्तित कर भगत सिंह के नाम से करने की मांग की। उधर, खुटेहना के फरदासुमेरपुर स्थित कांग्रेस पार्टी के जनसंपर्क कार्यालय पर शहीदे आजम का जन्मदिन मनाया गया। अध्यक्षता मुकुंदजी शुक्ल ने की। मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव रवि श्रीवास्तव व विशिष्ट अतिथि जिला महासिचव विनय सिंह रहे।