लखनऊ। ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय में आने वाले छह जिलों लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, खीरी, बाराबंकी और रायबरेली के 60 हजार युवाओं को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत इन जिलों के ऐसे युवा आयोजन में शामिल होंगे, जिन्होंने पहली बार नौकरी हासिल की है और उनका वेतन एक लाख रुपये महीना से कम है। इन्हें 19 जून को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भव्य कार्यक्रम में 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
विभूतिखंड स्थित ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त अश्विनी कुमार गुप्ता ने बताया कि योजना 1 अगस्त 2025 से लागू है। ईपीएफओ के माध्यम से संचालित इस योजना का उद्देश्य 31 जुलाई 2027 तक देशभर में 99,446 करोड़ के बजट के साथ 3.5 करोड़ नौकरियों का सृजन करना है। योजना के तहत देशभर में 19 जून को होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि बांटी जाएगी।
दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम को पीएम नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे और डिजिटल माध्यम से राशि वितरित करेंगे। इसके बाद देशभर के कार्यालय ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे और अपने अधीन जिलों के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र देंगे। ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आईजीपी में होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रदेशभर से 1200 कर्मचारियों और 300 कंपनियों को आमंत्रित किया गया है। अन्य सभी कर्मचारियों को उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि भेजी जाएगी। लखनऊ परिक्षेत्र के छह जिलों से योजना के तहत 4800 कंपनियों ने पंजीकरण कराया है। 60 हजार नए कर्मचारी जोडे़ गए हैं और 1.3 लाख कर्मी दोबारा सेवा में आए हैं। प्रेसवार्ता में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त द्वितीय आशीष कुमार मौजूद रहे।