सरोजनीनगर। गेहरू स्थित वी5 लॉजिस्टिक एंड वेयरहाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम से 57 बैटरियां व 11 इनवर्टर चोरी हो गए। गोदाम प्रभारी ने सरोजनीनगर थाने में केस दर्ज कराया है।
बंथरा के सराय सहजादी निवासी गोदाम प्रभारी विशाल सिंह के मुताबिक 10 जून की सुबह 11:30 बजे राहगीर ने गोदाम का गेट खुला देख इसकी सूचना कर्मचारी को दी। विशाल को 11 जून की रात एक बजे इसका पता चला। वह तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि गोदाम का एक शटर खुला था और 57 बैटरियां व 11 इनवर्टर गायब थे। रात करीब दो बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
गोदाम प्रबंधक दीप डोगरा, कर्मचारी कृपाल सिंह, अजय चतुर्वेदी, संदीप कुमार, रवि प्रकाश और अंशु पर चोरी का शक जताते हुए विशाल ने सोमवार को केस दर्ज कराया। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिन पर शक जताया गया है, उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है।