बेलवाभारी (बहराइच)। लखैयाकला डलईपुरवा गांव निवासी एक स्वर्णकार के यहां मकान में सेंध लगाकर 50 हजार नकदी समेत ढाई लाख की संपत्ति रात में चोरों ने पार कर दी। सुबह चोरी की जानकारी होने पर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने प्रार्थना पत्र लेकर जांच शुरू कर दी है। अभी केस दर्ज नहीं हुआ है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत ग्राम पंचायत लखैयाकला के मजरा डलईपुरवा निवासी राजेश सोनी पुत्र जगदीश सोनी स्वर्णकार हैं। व्यवसायी की दुकान मकान के अगले हिस्से में स्थित है। वह पुराने जेवरातों की मरम्मत करने के साथ नए जेवरात की बिक्री करते हैं। इस समय कई लोगों के जेवरात मरम्मत के लिए व्यवसायी के मकान में रखा था। रविवार रात चोर मकान में दो स्थानों पर सेंध लगाकर अंदर घुसे। इसके बाद सभी ने अलमारी का ताला तोड़कर बिक्री का 50 हजार रुपये नकदी, डेढ़ लाख मूल्य के चांदी व सोने के जेवरात समेत ढाई लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। सुबह व्यवसायी उठकर मकान के पीछे गया तो चोरी की जानकारी हुई। इस पर उसने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी केस दर्ज नहीं हुआ है।