दो लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी
रायबरेली। जिले भर में गुरु पूर्णिमा पर रविवार को हर-हर गंगे के जयकारे के बीच विभिन्न गंगा घाटों पर करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। ऊंचाहार, डलमऊ, सरेनी के गंगा तटों पर भक्तोंका जमावड़ा लगा रहा। आधी रात से ही श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगानी शुरू कर दी। तटों पर गंगा मइया के जयकारे की गूंज रही। तटों के आसपास मेला जैसा माहौल रहा। इस दौरान लोगों ने पूजा-अर्चना कर दान कर पुण्य कमाया। सबसे ज्यादा भीड़ डलमऊ के गंगा तटाें पर रही। यहां पर अव्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं ने स्नान किया, लेकिन उनके उत्साह में कोई कमी नहीं थी।
डलमऊ के किला घाट, सड़क घाट, रानी शिवाला घाट, पथवारी घाट, पक्का घाट, संकट मोचन घाट समेत अन्य घाटों पर स्नानार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। यहां पर रायबरेली के अलावा फतेहपुर, अमेठी, सुल्तानपुर जिले से भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर स्नान किया। डलमऊ के घाटों पर करीब एक लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई और गंगा के किनारे स्थित मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के बाद गुरुओं को दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया।
सरेनी ब्लॉक क्षेत्र के गेंगासो घाट फतेहपुर सीमा से सटा होने के कारण आसपास के गांव के लोगों ने स्नान किया। वहीं आश्रम में गुरु की पूजा-अर्चना की। ऊंचाहार के गोकना घाट, गोला घाट, बादशाह घाट, तीर का पुरवा घाट पर लोगों ने स्नान किया। लोगों ने दान पुण्य किया। गंगा तटों पर स्थित मंदिरों में पूजा-अर्चना की। इस दौरान भक्तों ने गंगा पूजन के कार्यक्रमों में भी भाग लिया।