बाराबंकी में वैवाहिक समारोह में देर रात खाना खाने के बाद भोर में 51 लोगाें को उल्टी-दस्त आने लगे। फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए इन लोगों में से 40 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों को फूड पॉइजनिंग होने की सूचना से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में डॉक्टरों की टीम ने इन सभी का उपचार शुरू किया। एडिशनल सीएमओ व एएसपी ने सीएचसी पर पहुंचकर बीमार लोगों का हालचाल लिया। सीएचसी अधीक्षक ने खराब रसगुल्ले को फूड पॉइजनिंग की वजह बताया है।
देवा के ग्राम इब्राहिमपुर कला के मजरे मुर्तजा नगर में मंगलवार रात ब्रजलाल की पुत्री रेखा की बरात फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टेढ़वा से आई थी। देर रात तक मांगलिक कार्यक्रमों के बीच लोगों ने खाना खाया। बताते हैं कि बुधवार भोर से ही दर्जनों लोगों को एक साथ उल्टी-दस्त आने लगे।
पहले तो लोग इसे सामान्य प्रक्रिया समझते रहे। बाद में किसी ने इसकी सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दी। जिसके बाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनूप सैनी, एमपी यादव, विजेंद्र सिंह की टीम गांव पहुंच गई। डॉ अनूप कुमार सैनी ने बताया कि फूड पॉइजनिंग होने पर 51 लोग बीमार हुए हैं।