लखनऊ। पुराने लखनऊ में लोग, शून्य से दो वर्ष के बच्चों का टीकाकरण (वैक्सीन) नहीं करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इन बच्चों की सूची तैयार कर पुलिस विभाग का सहयोग लेकर टीकाकरण कराएगा। इससे बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सके।
पुराने शहर में रहने वाले करीब 500 बच्चों का टीकाकरण नहीं हो सका है। पीएचसी और सीएचसी से सीएमओ को यह रिपोर्ट सौंपी गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पुराने लखनऊ में सेवा सदन, सिल्वर जुबली, टूड़ियागंज समेत अन्य पीएचसी के जरिये घर-घर टीकाकरण किया जाता है।
यहां जब स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चों का टीकाकरण करने पहुंचती है तो परिजन उनके साथ अभद्रता कर लौटा देते हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम अब पुलिस का सहयोग लेकर टीकाकरण अभियान को गति देगी।
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि छूटे बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए पुलिस का सहयोग लिया जाएगा, जिससे टीम के साथ मारपीट न हो।
टीकाकरण से मिलता है सुरक्षा कवच
बच्चों को खतरनाक बीमारियों से बचाने के लिए वैक्सीन के जरिये सुरक्षा कवच दिया जाता है। बच्चे के जन्म के समय बीसीजी का टीका लगता है। हेपेटाइटिस बी, ओरल पोलियो, गला घाेटू, काली खांसी, टिटनेस, रोटावॉयरस, पीसीवी वैक्सीन लगाई जाती है।