लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 25 और 30 अक्तूबर व एक नवंबर को होगी। इसके लिए राजधानी में 45 केंद्र बनाए गए हैं। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में हर पाली में 19 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को दो घंटे में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न हल करने होंगे। प्रश्नपत्र में भारतीय इतिहास, राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, भारतीय अर्थव्यवस्था, संविधान एवं लोक प्रशासन, सामान्य विज्ञान, प्रारंभिक गणित, सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, तार्किक क्षमता, समसामयिक घटनाओं और सामान्य जागरूकता से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसके अलावा हिंदी गद्यांश, ग्राफ की व्याख्या और तालिका विश्लेषण पर आधारित प्रश्न भी होंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र पर दर्ज केंद्र का पता, रिपोर्टिंग समय और जरूरी दस्तावेज की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है। परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहुंचना और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।