प्रदेश में रविवार को 4403 रोगियों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 5656 मरीज स्वस्थ हुए जबकि 77 लोगों की मौत हो गई। अब तक कोरोना से दम तोड़ने वालों का आंकड़ा 5594 हो गया है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के मुताबिक, रविवार के मरीजों को मिलाकर संक्रमितों की कुल संख्या 3 लाख 87 हजार 085 हो गई है। इसमें से 3 लाख 25 हजार 888 मरीज ठीक हो चुके हैं। मरीजों का रिकवरी रेट अब 84.19 प्रतिशत हो गया है।
उन्होंने कहा कि लगातार पॉजिटिविटी रेट में कमी आ रही है। संक्रमित मरीजों के ठीक से सक्रिय मामले भी घटे हैं। इस समय 55 हजार 603 एक्टिव केस हैं। इसमें से 27 हजार 826 लोग होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने कहा कि रोज 1.50 लाख से अधिक टेस्टिंग हो रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस समय ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। मेडिकल टीमें अब तक 2.5 करोड़ से अधिक घरों का सर्विलांस कर चुकी है, जहां 12 करोड़ 53 लाख से अधिक लोग रहते हैं।
राजधानी में 549 को कोरोना, 11 की मौत
राजधानी में रविवार को भी कोरोना मरीज घटे और 549 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि 1039 मरीजों ने कोरोना को मात दी। वहीं, संक्रमण की चपेट में आए 11 की जान चली गई। इसमें पांच मरीज लखनऊ के थे। मृतकों में टीबी विभाग का एक कर्मी भी शामिल है जो केजीएमयू में भर्ती था।
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि कोरोना वार्ड में भर्ती जानकीपुरम निवासी 32 साल की महिला की मल्टीऑर्गन फेल्योर से मौत हो गई। इसी तरह डायबिटीज से पीड़ित सीतापुर निवासी 60 साल के मरीज की सांसे थम गईं। सुल्तानपुर के 65 वर्षीय मरीज ने भी इलाज के दौरानदम तोड़ दिया। वह एक्यूट रेस्पीरेटरी डिस्ट्रेस सिन्ड्रोम से पीड़त था। इसके अलावा 25 सितंबर को केजीएमयू में भर्ती अमेठी निवासी 50 साल के मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह डायबिटीज का रोगी था और मौत का कारण एक्यूट रेस्पीरेटरी डिस्ट्रेस सिन्ड्रोम बताया जा रहा है।
सीएमओ कार्यालय के प्रवक्ता डॉ. योगेश रघुवंशी ने बताया कि कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर शहर में 10619 लोगों के सैंपल लिये गये है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद 151 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जबकि 42 रोगियों को होम आइसोलेशन में रहने की अनुमति दी गई।
यहां मिले मरीज
गोमतीनगर में 52, इंदिरानगर में 42, कोरोना रायबरेली रोड में 35, चौक में 32, तालकटोरा में 24, आशियाना में 23, चिनहट में 21, आलमबाग में 18, ठाकुरगंज में 13, हसनगंज में 10, हजरतगंज में 17, मडिय़ांव में 13, अलीगंज में 13, पारा में 11, जानकीपुरम में 14, महानगर में 16, विकासनगर में 11, वृंदावन योजना में 12, कैंट में 15, सरोजनीनगर में 13 व गोमतीनगर विस्तार में 11 पॉजिटिव रोगी मिले हैं।