सूबे में मंगलवार को मौसम के कहर ने 42 लोगों की जान ले ली। तेज बारिश के बीच बिजली गिरने से विभिन्न जिलों में कई जगह हादसे हुए। इसमें बिजली गिरने से वाराणसी और आजमगढ़ मंडल में 24 लोगों की मौत हो गई।
वहीं, गोरखपुर और बस्ती मंडल में भी 11 लोगों के मौत की खबर है। इसी तरह अवध के जिलो में चार और कानपुर देहात में तीन लोगों की मौत हो गई।
वाराणसी और आजमगढ़ मंडल में तेज आंधी और बारिश ने बड़ी तबाही मचाई। तेज आंधी के बीच विभिन्न जिलों में गिरी बिजली से कई लोग काल के गाल में समा गए।
इन दोनों मंडलों में सबसे ज्यादा मौतें बलिया में हुई हैं। यहां आठ लोग मारे गए। जबकि गाजीपुर में छह, जौनपुर में तीन, मऊ में दो, सोनभद्र में दो के अलावा चंदौली, आजमगढ़ और वाराणसी में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। यहां सोमवार को भी नौ लोगों की मौत हो गई थी।