आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने शुक्रवार को शोकसभा आयोजित कर आगरा में जिंदा जलाकर मारी गई छात्रा संजलि जाटव के दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। समिति के संयोजक अवधेश वर्मा के नेतृत्व में 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आगरा जाकर पीड़ित परिवार मिलेगा और उन्हें बाबा साहब पे बैक टू सोसायटी के तहत 50 हजार की आर्थिक मदद देगा। समिति संजलि की बड़ी बहन की शादी में भी आर्थिक सहयोग करेगी।
समिति के संयोजक अवधेश वर्मा ने कहा, संजलि की हत्या से प्रदेश के आठ लाख आरक्षण समर्थकों में भारी आक्रोश है। दोषियों को सजा दिलाने के लिए अच्छे वकीलों से पैरवी कराने में पीड़ित परिवार की मदद की जाएगी। वर्मा ने मृतक छात्रा के पिता को फोन कर सांत्वना दी। शोकसभा में डॉ. राम शब्द जैसवार, आरपी केन, अनिल कुमार, श्याम लाल व अन्य लोग शामिल हुए। इन लोगों ने कहा, जिस प्रकार पूरे देश में दलित समाज पर अत्याचार हो रहा है, उस पर केंद्र सरकार को अविलंब उचित कदम उठाना चाहिए।