लखनऊ में लोहिया संस्थान के रेजिडेंट डॉक्टर, पीजीआई की नर्स और रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आठ पुलिसकर्मी समेत 40 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जबकि दो लोगों ने दम तोड़ दिया। इसमें दिल्ली निवासी युवती व एलडीए कॉलोनी का रहने वाला एक अधेड़ है। अब कोरोना से मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। इसमें एक मरीज की मौत के बाद दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
वहीं, जेसीपी कानून व्यवस्था नवीन अरोरा और 21 पुलिसकर्मी होम क्वारंटीन हो गए हैं। लोहिया संस्थान के न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती मरीज के तीमारदार के संक्रमित होने के बाद रेजिडेंट डॉक्टर की भी जांच कराई तो कोरोना की पुष्टि हुई। ऑपरेशन थिएटर बंद कर रेजिडेंट के संपर्क में आने वालों को क्वारंटीन किया गया है।
वही, माइक्रोबायोलॉजी विभाग का एक कर्मचारी और कोविड हॉस्पिटल में तैनात टेक्नीशियन भी संक्रमित हो गया है। तीनों को भर्ती किया गया है। लोकबंधु राजनारायण हॉस्पिटल का एक कर्मचारी भी संक्रमित हो गया है। वहीं, 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन करने वाली संस्था के चार कर्मचारियों में कोरोना की पुष्टि हुई है।
रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आठ पुलिसकर्मी भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। इन्हें लोहिया के कोविड हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। उधर, एक समाचार चैनल के 6 कर्मचारियों को संक्रमण हुआ है। पारा, तेलीबाग, एलडीए, विभूतिखंड, हुसैनाबाद, विवेकखंड और विजयनगर के एक-एक मरीज हैं। इसके अलावा आलमबाग के सात और गौतमपल्ली के तीन लोग संक्रमित हो गए हैं।