उत्तर प्रदेश के 17 मंडल मुख्यालयों के जिलों में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती की परीक्षा 09 और 10 मई को दो पालियों में होगी। 18 विषयों के 624 पदों के लिए 4.64 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे।
आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के कक्षों और महत्वपूर्ण स्थानों को एआई आधारित सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। इन्हें जिला कंट्रोल रूम से जोड़ा जा चुका है।
प्रशांत कुमार ने बताया कि लखनऊ मंडल के 10 परीक्षा केंद्रों पर हर पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की स्कैनिंग कक्ष निरीक्षक और अभ्यर्थियों की उपस्थिति में कक्ष में होगी।
स्कैनिंग के बाद डाटा को सुरक्षित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आयोग इस डाटा का मिलान ओएमआर शीट से करेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रयोग परीक्षण के तौर पर किया जा रहा है। सफल होने पर आगामी सभी परीक्षाओं में लागू किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है।