लखनऊ। प्रदेश में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध राजकीय व प्राइवेट इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए मंगलवार से प्रवेश रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन ही 3700 से ज्यादा विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। वहीं 1100 ने प्रवेश शुल्क भी जमा कर दिया है।
कोविड के बाद ऐसा पहली बार है कि एकेटीयू ने मई में ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि, अभी सीयूईटी यूजी, नाटा व विभिन्न राज्य विश्वविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं के परिणाम न आने की वजह से सिर्फ बीटेक कोर्स में ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हुई है। अन्य प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम आने के बाद बीफार्मा, बीआर्क आदि कोर्स में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी।
वहीं, नए सत्र 2025-26 से विश्वविद्यालय प्रशासन स्नातक कोर्सों में सीटें खाली रहने पर 12वीं पास विद्यार्थियों को भी मेरिट से प्रवेश देगा। इसके लिए भी अभी से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि जैसे-जैसे अन्य यूजी प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम आएंगे तो अन्य कोर्स के प्रवेश रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे।