बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का 35 प्रतिशत निर्माण लक्ष्य से पांच महीने पहले 15 फरवरी तक पूरा हो जाएगा। यूपीडा के सीईओ अवनीश कुमार अवस्थी ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे निर्माण की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना के स्ट्रक्चर्स् की प्रगति तीव्र गति से बढाने, मशीनरी और टेक्नीकल स्टाफ पर्याप्त संख्या में तैनात करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यो की गुणवता से किसी भी कीमत पर समझौता नही किया जाएगा। उन्होने कहा कि जिन स्ट्रक्चर्स् की डिजाइन, संबंधित ठेकेदार ने अभी तक प्रस्तुत नही की गयी है उसे एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अवस्थी ने बताया कि जुलाई 2021 में 35 प्रतिशत का काम पूरा करने का लक्ष्य है जबकि 5 महीने पूर्व 15 फरवरी को ही ये लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। यूपीडा के मीडिया सलाहकार दुर्गेश उपाध्याय ने बताया कि बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे में अब तक 32 प्रतिशत निर्माण हो गया है। मिट्टी बिछाने का 73 प्रतिशत काम हो गया है। 819 में से 363 स्ट्रक्चर्स का कार्य भी पूरा हो गया है।