उत्तर प्रदेश के 34 पीसीएस अधिकारी जल्दी ही आईएएस अफसर बन जाएंगे। प्रदेश सरकार ने संघ लोक सेवा आयोग और केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय को विभागीय चयन समिति की बैठक कराने के लिए प्रस्ताव भेजा है।
मुख्य सचिव राजीव कुमार ने शासन के सभी अधिकारियों की पदोन्नति से होने वाली नियुक्तियों से जुड़ी कार्यवाही तय समय सीमा में कराने का निर्देश दिया है। प्रदेश के नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने पीसीएस से आईएएस में पदोन्नति के लिए वर्ष 2017 की रिक्तियों की तुलना में 34 पीसीएस अफसरों की पदोन्नति से जुड़ा प्रस्ताव केंद्र को भेजा है।
सरकार ने प्रत्येक रिक्त पद के लिए तीन अफसरों के रिकॉर्ड आयोग को भेजे हैं। शासन के एक अधिकारी ने बताया कि लोक सेवा आयोग प्रदेश से भेजे गए प्रस्तावों का परीक्षण कर रहा है। यह कार्यवाही जल्दी ही पूरी हो जाएगी। इसके बाद आयोग अपनी सुविधा अनुसार विभागीय चयन समिति की बैठक करेगा।
इसमें आयोग व केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय के अफसरों के अलावा प्रदेश के मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक व अन्य अधिकारी शामिल होंगे।