अयोध्या। महंत नृत्यगोपाल दास जी की सहजता, सरलता, साधुता, धर्म में अटूट विश्वास व समाज सेवा की भावना प्रभावित करती है। अयोध्या में राममंदिर तो बनना ही चाहिए। मामला न्यायालय में है जो निर्णय आएगा हम सभी मानेंगे। देश के आम मुसलमान की भावना है कि अयोध्या में रामजन्मभूमि है तो यहां राममंदिर बनना चाहिए लेकिन राजनीतिक कारणों से कुछ मुसलमानों को बरगला दिया गया है।
उक्त बातें खादी ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी ने कहीं। वे मणिरामदास की छावनी में श्रीमहंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज के 80वें जन्मोत्सव समारोह में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में योगी सरकार आई है अयोध्या के विकास का द्वार खुल गया है। अयोध्या केवल तीर्थस्थल ही नहीं बल्कि पर्यटक स्थल भी बने इसका प्रयास किया जा रहा है। कहा कि एक उत्पाद एक जिला योजना के तहत फैजाबाद में गुड़ का चयन लघु उद्योग के रूप में किया गया है। इस दौरान महंत कमलनयन दास, अयोध्या नगर निगम के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, नगर विधायक वेद गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।