बहराइच। रामजानकी मंदिर के निकट शानिवार रात चोरों ने सराफा की दुकान के पीछे की दीवार काटकर तिजोरी में रखे जेवरात नकदी समेत दो लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। सुबह व्यवसायी दुकान पहुंचा तो उसे चोरी की जानकारी हुई।
कैसरगंज थाना अंतर्गत ग्राम नौगइयां निवासी रवींद्र जायसवाल की कैसरगंज कस्बे में सराफा की दुकान है। रवींद्र ने बताया कि कस्बे के रामजानकी मंदिर के निकट न्यू जायसवाल ज्वैलर्स के नाम से उनकी दुकान है।
शानिवार की रात चोरों ने दुकान के पीछे की पक्की दीवार काट दी। चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को तोड़ कर उसमें रखी सवा किलो चांदी के जेवरात, दस चांदी के सिक्के व आधा किलो पुरानी चांदी के साथ-साथ आठ हजार रुपये नगद भी चुरा लिया।
लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ किया। रविवार सुबह जब दुकान मालिक रवींद्र ने दुकान खोला तो तिजोरी टूटी पड़ी मिली। जीने का दरवाजा भी टूटा था। उन्होंने घटना की जानकारी सराफा व्यापारियों व पुलिस को दी।
एसआई सावन कुमार ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उपनिरीक्षक सावन कुमार ने बताया कि शीघ्र ही इस चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।