सीतापुर। विकास खंड रामपुर मथुरा की ग्राम पंचायत पारानगरा के बाशिंदों को सामुदायिक भवन की सौगात मिली है। ग्रामीणों को सहूलियतें देने के लिहाज से गांव में नया सामुदायिक भवन बनेगा। इस भवन निर्माण पर सेवता विधायक निधि से करीब 25 लाख रुपये खर्च होंगे। विधायक ज्ञान तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भवन का शिलान्यास किया।
रामपुर मथुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पारानगरा में काफी समय से सामुदायिक भवन निर्माण की मांग की जा रही थी। उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक ने अपनी निधि से नया सामुदायिक भवन बनवाने का प्रस्ताव दिया था। इस पर मंजूरी मिलने के बाद 25 लाख बजट भी रिलीज कर दिया है। सेवता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपनी निधि से पारानगरा में निर्मिति होने वाले सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि यह भवन 25 लाख रुपये की लागत से बनेगा। उन्होंने कहा कि पहले यूपी की राजनीति जातिवाद और परिवारवाद के चलते बदनाम थी। साथ ही विभाजनकारी राजनीति की जा रही थी, लेकिन हमारी सरकार ने यूपी को ऐसी राजनीति से मुक्त कराया है। इस मौके पर ओमप्रकाश मिश्र, भाजपा मंडल प्रभारी लोकेश मिश्रा, अध्यक्ष लक्ष्मी मौर्य, रामसेवक, अभियंता सुंदरलाल आदि मौजूद रहे।