सीतापुर। कमलापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को रोडवेज बस के परिचालक ने मामूली कहासुनी होने पर एक यात्री को चलती बस से बाहर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल यात्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़ित के परिवारीजनों ने परिचालक के खिलाफ कमलापुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस इस मामले को दुर्घटना बताते हुए सुलह हो जाने की बात कह रही है। जबकि यात्री सुलह न होने की बात कह रहा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के नारायननगर गांव निवासी संतराम (45) सब्जी का कारोबार करता है। सोमवार की सुबह वह रोडवेज बस में सवार होकर लखनऊ जा रहा था। रास्ते में जब बस कमलापुर थाना क्षेत्र से गुजर रही थी, उसी दौरान टिकट को लेकर परिचालक से संतराम की कहासुनी होने लगी। संतराम का आरोप है कि तकरार बढ़ते ही परिचालक ने उसे चलती बस से धक्का दे दिया, जिससे वह बस से बाहर हाईवे पर आ गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देखकर बस में सवार लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। कुछ यात्रियों ने कॉल कर सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और चालक व परिचालक समेत बस को कब्जे में ले लिया। वहीं, घायल यात्री को जिला अस्पताल भेजा। घायल यात्री संतराम ने बताया कि अक्सर बस के परिचालक आवाज लगाकर टिकट बनाते हैं। उसे लखनऊ जाना था, इस वजह से लखनऊ के टिकट की आवाज का इंतजार करता रहा। खैराबाद पार होने तक परिचालक ने लखनऊ के टिकट की आवाज नहीं लगाई। इस पर यात्री ने खुद ही सौ रुपये देते हुए लखनऊ का टिकट बनाने को कहा। इसी बात पर परिचालक भड़क गया और 500 रुपये का जुर्माना मांगने लगा। संतराम का आरोप है कि उसने परिचालक से सीतापुर से लखनऊ तक का किराया लेने की बात कही, लेकिन परिचालक नहीं माना और उसने सौ रुपये भी रख लिए। जब यात्री टिकट मांगने पर अड़ गया, तब परिचालक ने चलती बस से ही उसे धक्का देकर बाहर गिरा दिया। हालांकि हादसे को देखते ही चालक ने बस को रोक दिया। जिसके बाद पुलिस पहुंची। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए घायल के परिवारीजनों ने परिचालक के खिलाफ कमलापुर थाने में तहरीर दी है। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष एके सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों ने सुलह कर ली है। थानाध्यक्ष इस मामले को महज सड़क दुर्घटना ही बता रहे हैं। सीओ उदय प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसी किसी घटना की जानकारी थानाध्यक्ष द्वारा नहीं दी गई है। यदि ऐसी कोई घटना हुई तो जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बाल-बाल बची जान
रोडवेज बस से फेंके गए घायल यात्री संतराम का कहना है, कि इस हादसे में उसकी जान बाल-बाल बची है। परिचालक ने उसे राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही चलती बस से फेंक दिया। उस दौरान हाईवे पर लगातार वाहन दौड़े चले जा रहे थे। गनीमत यह थी कि कोई वाहन उसके ऊपर से नहीं गुजर गया। वर्ना इस हादसे में उसकी जान भी जा सकती थी। घायल ने इस संबंध में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।