अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद
- फोटो : amar ujala
यूपी में सोमवार को 3064 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। जबकि 4269 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। इस समय प्रदेश में 45024 एक्टिव मरीज रह गए हैं। बीते चार सप्ताह में नए मरीजों की संख्या में 38 प्रतिशत की गिरावट हुई है। जबकि टेस्ट पॉजिटिविटी रेट में 46 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि 17 सितंबर के बाद कुल 23211 एक्टिव केस कम हुए हैं। इस तरह एक्टिव मरीजों में 34 प्रतिशत की गिरावट आई है। कुल 366321 लोग अब तक स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रदेश में मरीजों के ठीक होने की दर अब 87.75 प्रतिशत हो गई है। अब तक कुल 6092 मरीजों की मौत हुई है।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि 07 से 13 सितंबर के बीच कुल 48287 केस आए थे। उस सप्ताह का पॉजिटिवटी रेट 4.8 प्रतिशत था। इसी तरह 14 से 20 सितंबर के दौरान 42141 नए केस सामने आए थे। उस समय पॉजिटिविटी रेट 4.3 प्रतिशत था। 21 से 27 सितंबर तक 33256 केस मिले थे। उस दौरान पॉजिटिविटी रेट 3.2 प्रतिशत था। इसी तरह 28 सितंबर से 04 अक्तूबर के बीच 28060 केस मिले थे। इस सप्ताह पॉजिटिविटी रेट 2.6 प्रतिशत था। इस तरह बीते चार सप्ताह में नए मरीजों की संख्या में लगातार कमी आई है।
उन्होंने बताया कि रविववार को 149272 नमूनों की जांच की गई। इन्हें मिलाकर अब प्रदेश में 10888520 नमूनों की अब तक जांच की जा चुकी है। इस समय मौजूद 45024 एक्टिव मरीजों में से 21361 होम आइसोलेशन में हैं। प्राइवेट अस्पतालों में भुगतान के आधार 3525 लोग इलाज करा रहे हैं। अपर मुख्य सचिव ने लोगों से अपील की है कि वह सावधानी बरतकर प्रदेश में संक्रमण की सेकेंड वेव आने से बचाएं। मास्क, दो गज की दूरी और बार-बार हाथ धोकर कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।