उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के व्यापारी हेल्पलाइन नंबर (8400124444) का सोमवार को उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने विधिवत शुभारंभ किया। सबसे पहले उन्होंने इटावा के सराफा व्यापारी विवेक वर्मा की समस्या सुनी। विवेक ने सुरक्षा के लिहाज से शस्त्र लाइसेंस दिलाने की मांग की। इस पर डॉ. शर्मा ने इटावा के डीएम को तत्काल निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है। प्रदेश का व्यापारी उनके परिवार का सदस्य है। इसलिए उसकी हर तरीके से मदद और सुरक्षा की जाएगी। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि प्रदेश का कोई भी व्यापारी सोमवार से शनिवार तक सुबह 11 से शाम 6 बजे तक हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके और व्हाट्सएप भेजकर अपनी समस्या बता सकता है।