आवास परिषद विकास परिषद 30 अक्तूबर से फ्लैट खरीदने वालों को 15 प्रतिशत की छूट देगा। यह छूट सभी योजनाओं के फ्लैटों पर दी जाएगी। 10 अक्तूबर को परिषद की बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव पास किया गया था। बोर्ड बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट जारी होने के बाद अब बृहस्पतिवार से खरीदारों को छूट दी जाएगी जो 31 जनवरी 2026 तक लागू रहेगी।
आवास विकास के उप आवास आयुक्त चंदन पटेल ने बताया कि उन खरीदारों को 15 प्रतिशत छूट दी जाएगी जो 60 दिन में पूरा पैसा जमा कर देंगे। पहले यह छूट पांच ही प्रतिशत थी। जो 90 दिन में पैसे जमा कर देंगे उन्हें 10 प्रतिशत छूट दी जाएगी। इसके अलावा अब फ्लैट का कब्जा भी 50 प्रतिशत पैसा जमा होने पर दे दिया जाएगा। पहले पूरा पैसा जमा होने पर ही कब्जा दिया जाता था। शेष 50 प्रतिशत रकम 10 साल की किस्तों में अदा की जा सकेगी। यदि कोई उसे पहले अदा कर देगा तो उसे दो प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। ब्याज की गणना भी अब किस्तों पर 11.50 प्रतिशत के बजाय 9 प्रतिशत पर की जाएगी। इस छूट योजना का फायदा 31 जनवरी 2026 तक बुकिंग कराने पर ही मिलेगा। यह छूट सभी बहुमंजिला आवासीय योजनाओं में दी जाएगी। प्रदेश भर में परिषद की योजनाओं में करीब 10 हजार फ्लैट खाली हैं।
शहर में खाली हैं दो हजार से ज्यादा फ्लैट
उप आवास आयुक्त ने बताया कि लखनऊ में परिषद की योजनाओं में दो हजार से अधिक फ्लैट खाली हैं। ये फ्लैट शहीद पथ स्थित अवध विहार योजना के भागीरथ, मंदाकिनी, अलकनंदा अपार्टमेंट, रायबरेली रोड स्थित वृंदावन योजना के गोवर्धन एन्क्लेव, आकाश एन्क्लेव नीलगिरी एन्क्लेव, एवरेस्ट एन्क्लेव और पारा की मुन्नू खेड़ा योजना में हैं। यहां दो व तीन बेडरूम के फ्लैट हैं जिनकी कीमत 25 लाख से 1.25 करोड़ रुपये तक है।
खाली फ्लैटों पर 15 प्रतिशत की छूट 30 अक्तूबर से मिलेगी। इसके अलावा कई और सहूलियतें खरीदारों को मिलेंगी। इसको लेकर बोर्ड प्रस्ताव भी पास कर चुका है।
नीरज शुक्ला, सचिव आवास विकास परिषद