लखनऊ। दो टप्पेबाजों ने हजरतगंज में अशोक मार्ग स्थित यूको बैंक के एटीएम में टेप लगाकर तीन बार में 28 हजार रुपये निकाल लिए। बैंक की वरिष्ठ प्रबंधक पंखुड़ी श्रीवास्तव ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
वरिष्ठ प्रबंधक के अनुसार चार दिसंबर को शाम 4:13 बजे मुंबई से आए मेल में 10 हजार के चार्ज बैक की बात लिखी थी, जो बैंक परिसर में लगे एटीएम के संबंध में था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला कि एक दिसंबर को दो युवक मशीन में टेप लगाकर लौट गए। अगली सुबह 8:58 बजे वही युवक बूथ में दाखिल हुए और टेप में चिपके ग्राहक के दस हजार रुपये निकाल लिए। इसी तरह टप्पेबाजों ने छह और आठ दिसंबर को दो ग्राहकों के 18 हजार रुपये निकाल लिए। तीनों ग्राहकों ने बैंक में शिकायत की। जांच के बाद पंखुड़ी ने हजरतगंज थाने में 18 दिसंबर को शिकायत की। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि फुटेज से आरोपियों की तलाश की जा रही है।