लखनऊ। काकोरी के हरदोईया लालनगर स्थित शिवाछी स्वीट में जब्त की गई 2,675 किलो दूषित मिठाइयों और घोल को शनिवार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नष्ट करा दिया। इसमें 1,000 किलो कलाकंद, 300 किलो डोडा बर्फी, 350 किलो चिकनी बर्फी, 25 किलो पेड़ा और 1,000 लीटर दूषित घोल शामिल था। अधिकारियों के अनुसार, इन सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2.77 लाख रुपये है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान 686 किलो अन्य खाद्य सामग्री भी जब्त की थी। इसमें 300 किलो सूजी, 91 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर, 200 किलो बूंदी, 50 किलो मूंगफली दाना, 15 किलो गरी लच्छा, 15 किलो फिटकरी, 10 किलो सफेद दानेदार पाउडर और पांच किलो काजू टुकड़ा समेत अन्य सामग्री शामिल थी। इसकी कीमत 79,170 रुपये है। इनके 15 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार शुक्रवार को ही बंद करा दिया गया था।