आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाए रखने और दुर्घटना के समय त्वरित कार्रवाई के लिए 15 पुलिस चौकियों के लिए 255 पदों का सृजन किया गया है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने इस बाबत शासनादेश जारी कर दिया है। इसके मुताबिक हर पुलिस चौकी में एक सब इंस्पेक्टर, 2 मुख्य आरक्षी और 14 आरक्षी तैनात किए जाएंगे।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जो पुलिस चौकियां स्वीकृत की गई थीं, उसमें इटावा जिले के ऊसराहार थाना अंतर्गत कुदरैल चौकी, चौबिया थाने की नीबासई चौकी, आगरा के फतेहाबाद थाने की लुहारी पुलिस चौकी, डौकी थाने की नदौता चौकी, उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाने की देवखरी चौकी, हसनगंज थाने की शाहपुर तोंदा चौकी और औरास थाने की दिपवल चौकी शामिल है।
इसके अतिरिक्त फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर थाने की उरावर हस्तरफ चौकी व नसीरपुर थाने की हरगनपुर चौकी, कन्नौज जिले के ठठिया थाने की ठठिया चौकी, सौरिख थाने की सौरिख चौकी व तालग्राम थाने की तालग्राम चौकी, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के काकोरी थाने की रेवरी चौकी, कानपुर आउटर के बिल्हौर थाने की गूजेपुर चौकी और मैनपुरी जिले करहल थाने की कुतुबपुर बुजुर्ग चौकी शामिल हैं। इन्हीं चौकियों के लिए पुलिस बल स्वीकृत किया गया है।