प्रदेश में रविवार को 36 नए मरीज मिले हैं, जबकि 76 डिस्चार्ज हुए हैं। अब एक्टिव केस की संख्या 664 हो गई है। प्रदेश के 52 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं मिला है, जबकि 23 जनपदों में इकाई में मरीज मिले हैं। प्रदेश में कोविड मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट हो रही है। अलीगढ़, अमरोहा, एटा, फर्रुखाबाद, हाथरस, कासगंज, कौशांबी, महोबा, प्रतापगढ़ और श्रावस्ती में अब कोविड का एक भी मरीज नहीं है। कोरोना की रिकवरी दर 98.6 फीसदी तो पॉजिटिविटी दर 0.01 फीसदी है। नए मरीजों में लखनऊ में दो, प्रयागराज में तीन, कानपुर नगर में दो, वाराणसी में तीन, गोरखपुर में तीन, सुल्तानपुर में चार, गाजियाबाद में दो, झांसी में दो मरीज मिले हैं। रविवार को एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है।
इसके साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। अब तक 4 करोड़ 84 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है। 4 करोड़ 6 लाख 36 हजार से अधिक लोगों ने कम से कम कोविड की एक खुराक ले ली है। यह किसी एक राज्य द्वारा किया गया सर्वाधिक वैक्सीनेशन है।
केजीएमयू में बच्चों के लिए 156 बेड का वार्ड बनाया गया है। इसे 56 बेड पर वेंटिलेटर सुविधा होगी। बाकी सभी बेड पर पाइप लाइन से ऑक्सीजन की सुविधा है। वार्ड बनकर तैयार है। डॉक्टर पैरामेडिकल स्टाफ का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था है। इसी तरह बलरामपुर अस्पताल में बच्चों के लिए 40 बेड की वेटिलेटर यूनिट तैयार है। यहां ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लग चुके हैं, जिससे 100 बेड पर ऑक्सीजन आपूर्ति की जा सकती है।