लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के 24 छात्रों का चयन एड्रोसोनिक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर और एसोसिएट सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर हुआ है। विश्वविद्यालय परिसर में ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग की ओर से सोमवार को एडरोसोनिक कंपनी ने कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया था। स्क्रीनिंग के बाद 152 छात्रों को अंतिम चरण के टेस्ट के लिए बुलाया गया था।
डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो. नीलम श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रों की लिखित परीक्षा, पर्सनल इंटरव्यू, ग्रुप डिस्कशन, तकनीकी टेस्ट के बाद अंतिम रूप से 24 छात्रों को कंपनी ने चयनित किया है। कंपनी चयनित सॉफ्टवेयर इंजीनियर को सालाना करीब 6 लाख रुपये और एसोसिएट सॉफ्टवेयर इंजीनियर को चार लाख आठ हजार रुपये का पैकेज देगी। कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने चयनित छात्रों को बधाई दी है।