कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : Pixabay
राजधानी लखनऊ में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को 19 पीएसी जवानों सहित 25 नए संक्रमित पाए गए। इनमें सीएम हेल्पलाइन के चार कर्मचारी और सहादतगंज निवासी एक युवक भी पॉजिटिव पाया गया है। इसके अलावा, हेल्पलाइन के कुछ कर्मियों की रिपोर्ट शाम को आएगी।
उधर, लोहिया संस्थान के होल्डिंग एरिया में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है जिसके बाद मरीज के आसपास के बेड पर रहने वाले दूसरे मरीज और होल्डिंग एरिया में कार्यरत 4 रेजिडेंट की जांच कराई जाएगी। इसके पहले सोमवार को लखनऊ में 40 मरीज मिले। इनमें 17 महिलाएं और 23 पुरुष हैं। नए मरीजों में सीएम हेल्पलाइन के 27 कर्मचारी हैं। सीएम हेल्पलाइन के कर्मचारियों ने कोरोना मरीजों का ग्राफ बढ़ा दिया है।
माना जा रहा है कि संक्रमित कर्मचारियों का आंकड़ा 100 पार कर जाएगा। यह हेल्पलाइन गोमतीनगर के विभूतिखंड स्थित बहुमंजिला इमारत में चल रही थी। इसका संचालन निजी कंपनी के जरिये हो रहा है। सीएम हेल्पलाइन चलाने वाली फर्म को नोटिस कोरोना मरीज मिलने के बाद सीएम हेल्पलाइन चलाने वाली निजी फर्म को नोटिस जारी किया गया है।
सीएमओ डॉ. नरेन्द्र अग्रवाल ने कंपनी से पूछा कि क्या कार्यालय में सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन व मास्क का प्रयोग किया गया? यदि नहीं तो यह लापरवाही क्यों बरती गई। एक समय में इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों को कार्यालय क्यों बुलाया, जबकि संक्रमण की आशंका को देखते हुए ऐसा करना उचित नहीं था। कार्यालय में एसी चलने के बारे में सवाल किया है कि आखिर अधिकारियों ने दिशा-निर्देशों का पालन क्यों नहीं किया?