बहराइच। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में शनिवार को डायरिया व बुखार से पीड़ित दो मासूम रोगियों की मौत हो गई। जबकि बुखार व डायरिया से ग्रसित 14 अन्य रोगी भती हुए हैं। इनमें तीन रोगियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
तराई में बदल रहे मौसम में मासूम बीमारियों की चपेट में आकर दम तोड़ रहे हैं। औेसतन हर दिन दो रोगियों की इलाज के दौरान मौत हो रही है। बलरामपुर जिले के महाराजगंज थाना अंतर्गत रामपुर मटेहिया गांव निवासी रफीतुल (8) पुत्र भुल्लर को बुखार के साथ उल्टी-दस्त की शिकायत थी।
इस पर रफीतुल को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन हालत में सुधार न देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। यहां पर इलाज के दौरान रफीतुल ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के मुताबिक रफीतुल डायरिया की चपेट में था।
दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत दरगाह मोहल्ला निवासी फरान (डेढ़) पुत्र रईस ने भी शनिवार दोपहर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर घर चले गए हैं। उधर बुखार व डायरिया से पीड़ित 14 अन्य रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें तीन रोगियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।