बहराइच। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से गठित टीम ने मंगलवार को नगर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने 39 घरों में बिजली चोरी पकड़ी।
27 लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। 12 उपभोक्ताओं से 3 लाख 14 हजार शमन शुल्क की वसूली की। कार्रवाई से बिजली चोरों में अफरातफरी का माहौल रहा।
भीषण गर्मी में अचानक बढ़ी बिजली की मांग को देखते हुए शासन ने लाइन लास वाले क्षेत्रों में विद्युत चोरी रोकने के लिए विभाग के अधिकारियों को सघन अभियान चलाकर जांच करने के निर्देश दिए थे।
इसी के तहत अधिशासी अभियंता मुकेश बाबू ने मंगलवार को बशीरगंज उपकेंद्र परिक्षेत्र में छह टीमों को गठित कर विद्युत कनेक्शनों की सघन जांच के निर्देश दिए थे।
एसडीओ नगर मोहित दीक्षित ने बताया कि बशीरगंज उपकेंद्र अंतर्गत आने वाले शहर मोहल्ला बशीरगंज, नाजिरपुरा, चांदपुरा व काजीपुरा में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान 158 विद्युत कनेक्शनों की मौके पर जांच की गई। इसमें से 39 घरों में बिजली की चोरी होती पाई गई। एसडीओ ने बताया कि 27 लोगों पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
12 उपभोक्ताओं से मौके पर तीन लाख 14 हजार जुर्माना वसूला गया है। इन सभी को चेतावनी दी गई है। 17 अन्य घरेलू कनेक्शन व्यावसायिक उपयोग में संचालित पाये गये। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।