मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जहां कोविड संक्रमण नियंत्रित हो रहा है वहीं, अनेक राज्यों में कोविड संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रदेशवासियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। रेलवे स्टेशन, बस, वायुमार्ग से प्रदेश में आने वाले लोगों की जांच कराई जाए। इन स्थानों पर एंटीजन टेस्ट के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। प्रदेश को कोविड से सुरक्षित रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाने के लिए सरकार संकल्पित है। सभी लोग कोविड विहैवियर का पालन करें। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाये जाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि साप्ताहिक बंदी की अवधि में धर्मस्थल खुले रहें। एक समय में 5 श्रद्धालुओं की उपस्थिति हो सकती है। औद्योगिक इकाइयों को भी संचालित रखा जाए। श्रमिकों-कार्मिकों को आवागमन की छूट है। पुलिस बल का व्यवहार संवेदनशील होना चाहिए। कहीं भी अनावश्यक भीड़-भाड़ न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से घर-घर मेडिकल किट वितरण का विशेष अभियान शुरू हो गया है। 27 जून से दवाएं घर-घर वितरित की जाएंगी। जिलों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से निगरानी समितियों को दवाइयों का पैकेट दिलाया जाए। लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। अभियान के सुचारू क्रियान्वयन के लिए सतत मॉनीटरिंग की जाए।